अहम बैठक करेंगे अखिलेश यादव, सपा के सभी विधायक लखनऊ तलब

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों पर होने वाले चुनाव की तैयारियों में समाजवादी पार्टी जुटी हुई है। अब इस बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा के सभी विधायकों को लखनऊ तलब किया है। उन्होंने सभी विधायकों को 13 और 14 जनवरी को लखनऊ में रहने के निर्देश दिए हैं।
सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने मंगलवार को इसको लेकर पत्र जारी किया है। पत्र के मुताबिक, सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सभी पार्टी विधायकों को लखनऊ बुलाया है। विधायको को 13 और 14 जनवरी को लखनऊ में रहने के निर्देश दिए हैं।
पत्र में कहा गया है कि 13 जनवरी 2021 को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से बातचीत के लिए सुबह 10 बजे पार्टी कार्यालय 19 विक्रमादित्य मार्ग लखनऊ में पहुंचना है। सभी की उपस्थिति आवश्यक है। कृपया समय पर पहुंचें।
यूपी विधान परिषद की 12 सीटों पर हो रहे चुनाव से पहले होने जा रही यह बैठक अहम मानी जा रही है। इसमें एमएलसी चुनाव पर चर्चा होगी। नरेश उत्तम पटेल ने सभी विधायकों को लखनऊ आने के लिए पत्र भेज दिया है।
इन सदस्यों का कार्यकाल होगा खत्म
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन, विधान परिषद सभापति रमेश यादव, लक्ष्मण प्रसाद आचार्य, सपा के आशु मलिक, रामजतन राजभर, वीरेन्द्र सिंह व साहब सिंह सैनी के अलावा बसपा के धर्मवीर सिंह अशोक, प्रदीप कुमार जाटव का कार्यकाल खत्म होने जा रहा है। तो वहीं नसीमुद्दीन की कांग्रेस में शामिल होने के बाद विधान परिषद की सदस्यता खत्म हो चुकी है।